Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जो वायदे किये वह सभी पूरे किये जा रहे, जल भराव की समस्या से मुक्ति मिल जायेगी: शिव अरोरा

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जिला मुख्यालय रूद्रपुर के करोड़ों रूपयों के मास्टर ड्रेनेज प्लान को मंजूरी दे देने के बाद अब यहां के निवासियों को शीघ्र ही जल भराव की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जायेगी। यह बात विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए आज तक जो भी वायदे किये हैं उन्हें पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। श्री अरोरा ने बताया कि अक्टूबर 2021 में कल्याणी नदी में आई बाढ़ के कारण नगर के अनेक क्षेत्र कई फुट पानी में डूब गये थे। जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने बताया कि स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रें का दौरा कर स्थिति का आंकलन किया था। श्री अरोरा ने बताया कि उस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री धामी के समक्ष नगर की जनता को जल भराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक योजना प्रस्तुत की थी। जिसे मुख्यमंत्री ने सरकार की योजना में शामिल कर लिया था। उन्होंने बताया कि अब मुख्यमंत्री द्वारा समस्त औपचारिकतायें पूरी करने के बाद रूद्रपुर में 786.73 करोड़ के मास्टर ड्रेनेज प्लान को मंजूरी दे दी गई है। जिसके तहत प्रथम चरण में 441.79 करोड़ रूपये की परियोजना पर कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य में सिर्फ मेरा नहीं बल्कि मुख्यमंत्री सहित सभी प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों का सहयोग रहा है। इसलिए इसका श्रेय सभी को जाता है। श्री अरोरा ने कहा कि हर जनप्रतिनिधि को जनहित में अगले बीस वर्षों की योजनायें बनाकर सरकार के समक्ष रखनी चाहिए मात्र एक कार्यकाल के लिए नहीं। श्री अरोरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व अपने घोषणापत्र में उन्होंने क्षेत्र की जनता से जो वायदे किये वह सभी पूरे किये जा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *