मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने निकाली रैली
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर शहर में रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रैली नगर निगम चौकी से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होते हुए निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कर्मचारियों ने उपनल और आउटसोर्स व्यवस्था के तहत कार्यरत सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। यूनियन पदाधिकारियों का कहना था कि लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया है, जिससे उनमें असंतोष व्याप्त है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह ने कहा कि सरकार को वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। रैली में अशोक चौधरी, राजपाल पवार, श्याम सुंदर सहित यूनियन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
