August 29, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

17 जुलाई को उत्तराखंड आएंगे राहुल गांधी : केसी वेणुगोपाल ने विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए श्रीराम मंदिर में कथित दान चोरी की निष्पक्ष जांच
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में आगामी विधानसभा चुनाव, संगठनात्मक रणनीति और विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ मजबूती से काम कर रही है। वेणुगोपाल ने बताया कि 17 जुलाई को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे उत्तराखंड पहुंचेंगे, जहां वे युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देगा और चुनावी तैयारियों को गति मिलेगी।केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पिछले दस वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार उत्तराखंड के मूल मुद्दों का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है, जबकि बड़ी संख्या में लोग पलायन के लिए मजबूर हैं। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है । उनका कहना था कि रोजगार, शिक्षा और विकास जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार ने अपेक्षित कार्य नहीं किया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस घटना से लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ा है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित दान चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर बड़े जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले पर मौन हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। ऐसे में यदि ट्रस्ट से जुड़े किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आते हैं, तो सरकार और संबंधित पक्षों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। कांग्रेस का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद मंदिर में हुई इस घटना को रोका नहीं जा सका। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने उत्तराखंड के बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले पर भी सरकार कुछ नहीं कर पायी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है। इससे पहले केसी वेणुगोपाल ने देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रमुखों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव, संगठन निर्माण, बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और कांग्रेस कार्य समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर विस्तृत चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और पार्टी आगामी चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, सह प्रभारी मनोज यादव, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदीप जोशी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, गणेश गोदियाल, भुवन कापड़ी, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, करन माहरा, काजी निजामुद्दीन सहित कांग्रेस के विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *