बीकेटीसी कर्मी प्रमोद नौटियाल पर एफआईआर दर्ज : बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी पर मुख्यमंत्री धामी ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
चमोली। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रूख अपनाते हुये कड़ी से कड़ी कार्रवाही का आदेश दिया है। इसी क्रम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की शिकायत पर आरोपी कर्मचारी के विरुद्ध बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मंदिर समिति ने आरोपी वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को मंगलवार को ही तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का सख्त संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच के लिए गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जिसे 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की ओर से जारी आदेश के अनुसार आरोपी प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर वित्तीय अनियमितताओं आने पर 3 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद उन्हें निलंबित करते हुए बीकेटीसी कार्यालय, जोशीमठ से संबद्ध कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी तथा जांच में पूर्ण सहयोग करना अनिवार्य होगा। बीकेटीसी ने मामले की आंतरिक जांच के लिए एक जांच समिति भी गठित की है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। वहीं पुलिस भी उपलब्ध दस्तावेजों, वित्तीय अभिलेखों और संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर मामले की अलग से जांच कर रही है।
