Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बेरीनाग पहुंचे गणेश गोदियाल, बोले— कांग्रेस के प्रति बढ़ रहा जनता का विश्वास, अनुशासन से समझौता नहीं होगा

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया गणेश गोदियाल का जोरदार स्वागत
बेरीनाग/पिथौरागढ़। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ जनपद के बेरीनाग और गंगोलीहाट क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की नीतियों को जनता के बीच रखते हुए आगामी चुनाव को लेकर पार्टी के पक्ष में समर्थन की अपील की।इससे पहले गुरुवार को परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के तहत डीडीहाट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर संगठनात्मक मजबूती और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।बेरीनाग पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए जोरदार स्वागत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करते हुए सरकार बनाएगी। गोदियाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान कांग्रेस की प्राथमिकता है, लेकिन अनुशासन से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि यदि किसी प्रकार की समस्या या असहमति हो तो उसे पार्टी के अधिकृत मंच पर रखें, जिससे उसका उचित समाधान किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रूप से पार्टी का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप प्रदेश का विकास नहीं हुआ है। आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पांच वर्षों में जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में महिलाओं और युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने बलिदान दिए, लेकिन आज सभी वर्ग स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता से परिवर्तन का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि जनविरोधी नीतियों वाली भाजपा सरकार को हटाकर प्रदेश में जनहित की सरकार बनाई जाए।इससे पहले परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के तहत जनपद पिथौरागढ़ के थल और डीडीहाट विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस नेताओं और स्थानीय जनता ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ संगठनात्मक और जनहित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर सह प्रभारी मनोज यादव, विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष आनंद रावत,पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री खजान गुड्डू सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *