Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार-बाइक की भिडंत में दो युवकों की मौत

टक्कर के बाद कार और बाइक में लगी आग, दोनों मृतकों के नेपाली मूल के होने की आशंका
नानकमत्ता/सितारगंज। कोतवाली क्षेत्र के बिडोरा मझोला हाईवे पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद स्विफ्ट कार में आग लग गई और देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार सुबह करीब 8 बजे बिडोरा मझोला हाईवे पर स्विफ्ट कार (यूके-03-टीए-2711) और बाइक (डीएल-3एसएफडी-6844) के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार में तुरंत आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवार युवकों को तत्काल सितारगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में से एक की पहचान राहुल लक्ष्य चंद्रो के रूप में हुई है। उसके पास मिले आधार कार्ड और बैंक पासबुक में राजकोट (गुजरात) का पता दर्ज है, जबकि उसके पास नेपाल के एक अस्पताल के उपचार संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक नेपाली मूल के हो सकते हैं। उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में कार के चंपावत जनपद की होने की जानकारी मिली है। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाल संजय पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फरार कार चालक की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *