त्रिशूल चौक के बाद रुद्रपुर में अब डमरू चौक
महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में शिव की नगरी बनने की ओर बढ़ रहा शहर
रुद्रपुर। रुद्रपुर में जो कभी नहीं हुआ, अब वह साकार होता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शहर में विकास कार्यों को नई गति मिली है और महापौर विकास शर्मा इन योजनाओं को धरातल पर उतारने में जुटे हैं। शहर को आधुनिक सुविधाओं के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान दिलाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। त्रिशूल चौक के निर्माण के बाद अब शहर को एक और भव्य सौगात मिलने जा रही है। 4 जुलाई को भव्य डमरू चौक का शिलान्यास किया जाएगा। डमरू चौक को लेकर शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह है और इसे रुद्रपुर को शिवमय पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। महापौर विकास शर्मा, जो श्री नीलकंठ धाम के महंत भी हैं, लंबे समय से रुद्रपुर को भगवान शिव की आस्था से जोड़ने की सोच पर कार्य कर रहे हैं। त्रिशूल चौक के बाद अब डमरू चौक के निर्माण से शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। शहर के विकास की कड़ी में त्रिशूल चौक से अटरिया मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी काम किया जा रहा है। चौड़ी सड़कें, हरियाली, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और सुंदर सार्वजनिक स्थल रुद्रपुर की बदलती तस्वीर की गवाही दे रहे हैं। महापौर विकास शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास विजन को मूर्त रूप देते हुए रुद्रपुर को एक आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर और धार्मिक पहचान वाला शहर बनाया जा रहा है। विकास और आस्था का यह संगम आने वाले समय में रुद्रपुर को नई पहचान दिलाएगा। 4 जुलाई को डमरू चौक के शिलान्यास के अवसर पर एक नए शिव भजन का भी शुभारंभ किया जाएगा। यह भजन भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और रुद्रपुर की नई पहचान को समर्पित होगा। इसे सुनने के लिए शिवभक्तों और शहरवासियों में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।
