Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रोडवेज बस और पिकअप की भिड़ंत में तीन की मौत

हरिद्वार फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, चार घायल, एक सप्ताह में दूसरी बड़ी दुर्घटना
हरिद्वार (उद संवाददाता)। हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर रविवार देर रात उत्तराखंड परिवहन निगम की टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने सामने की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था। श्यामपुर फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों के बीच आमने सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि रोडवेज बस का चालक वाला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। बताया गया कि पिकअप वाहन में दस लोग सवार थे। हादसे के दौरान दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने क्रेन और हाइड्रा की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान पिकअप सवार अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई तथा शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार चल रहा है। पुलिस क्षेत्रधिकारी अवनी तिवारी ने बताया कि मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है। हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि श्यामपुर क्षेत्र के नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। पिछले सप्ताह भी इसी फ्लाईओवर पर दुकान बंद कर घर लौट रहे बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से फ्लाईओवर पर शीघ्र हाईमास्ट लाइटें लगाने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *