‘उत्तरांचल दर्पण’ जनता की आवाज को बुलंद करने वाला अखबारः सौरभ बहुगुणा
शक्तिफार्म। सांध्य दैनिक समाचार पत्र के रूप में उत्तराखंड में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके उत्तरांचल दर्पण की प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सराहना करते हुए इसे जनता का अखबार बताया। उन्होंने कहा कि यह समाचार पत्र जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभा रहा है। गत दिवस शक्तिफार्म में व्यापारियों की बैठक के दौरान जब उत्तरांचल दर्पण का प्रतिदिन की तरह वितरण हो रहा था, तभी संवाददाता विक्की मंडल ने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को अखबार का नवीनतम अंक भेंट किया। अंक का अवलोकन करते हुए श्री बहुगुणा ने कहा कि वह उत्तरांचल दर्पण का नियमित अध्ययन करते हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र का प्रतिष्ठित एवं लंबे समय से प्रकाशित होने वाला समाचार पत्र है, जो जनहित, विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से प्रकाशित करता है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात की सराहना की कि उत्तरांचल दर्पण केवल शहरी क्षेत्रें तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक भी अपनी मजबूत पहुंच बनाकर वहां की समस्याओं, जनभावनाओं और स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने ला रहा है। उन्होंने कहा कि यही एक सशक्त क्षेत्रीय समाचार पत्र की वास्तविक पहचान है। श्री बहुगुणा ने उत्तरांचल दर्पण की पूरी टीम को निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनपक्षीय पत्रकारिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि समाचार पत्र आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ समाज और जनता के हितों की आवाज बुलंद करता रहेगा।
