विधानसभा चुनाव में दो-तीन महापौरों को रण में उतारने की तैयारी
हर सीट पर तीन नामों के पैनल पर मंथन तेज,मौजूदा विधायकों के साथ-साथ महापौरों का भी तैयार हो रहा रिपोर्ट कार्ड
देहरादून।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अभी टिकट वितरण की प्रक्रिया में नहीं है, लेकिन संभावित दावेदारों और मौजूदा जनप्रतिनिधियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार भाजपा हर विधानसभा सीट पर तीन-तीन संभावित नामों का पैनल तैयार करने में जुटी है। इन नामों का चयन संगठन की रिपोर्ट, सर्वे और स्थानीय फीडबैक के आधार पर किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी केवल मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन का ही आकलन नहीं कर रही है, बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों की राजनीतिक स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के महापौरों के कामकाज, जनता के बीच उनकी पकड़ और संगठन में उनकी स्वीकार्यता का भी मूल्यांकन किया जा रहा है। भाजपा के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक कम से कम दो से तीन महापौर ऐसे हैं, जिनके नाम विधानसभा चुनाव के संभावित दावेदारों में शामिल किए गए हैं। जिन सीटों पर मौजूदा विधायक कमजोर माने जा रहे हैं या जहां पार्टी दिलाने की क्षमता रखते हों। इसी आधार पर महापौरों का भी अलग से फीडबैक लिया जा रहा है। संगठन यह जानने की कोशिश कर रहा है कि यदि उन्हें विधानसभा चुनाव में उतारा जाए तो उनका प्रदर्शन कैसा रह सकता है। सूत्रों के अनुसार भाजपा संगठन फिलहाल प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन संभावित नामों को चिन्हित कर रहा है। इन नामों में मौजूदा विधायक,पूर्व जन प्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी और अन्य मजबूत दावेदार शामिल हैं। नवंबर और दिसंबर में पार्टी द्वारा अंतिम रूप से दो सर्वे कराये जायेंगे और इन सर्वे रिपोर्ट और संगठन की फीडबैक के आधार पर दिसम्बर में अंतिम नाम तय किए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि उम्मीदवार चयन में जीत की संभावना सबसे बड़ा आधार होगी और इसी रणनीति पर आगे बढेगी।भाजपा ने कई महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है। पार्टी स्तर पर तैयार किए जा रहे पैनल में मौजूदा विधायकों के साथ-साथ ऐसे जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है, जिनकी अपने क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। रुद्रपुर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक शिव अरोड़ा का नाम प्रमुख दावेदारों के साथ-साथ रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा का नाम भी संभावित दावेदारों की सूची में चर्चा में बताया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि इस सीट पर तीन नामों को लेकर संगठन स्तर पर लगातार फीडबैक जुटाया जा रहा है और सभी संभावित चेहरों की राजनीतिक स्थिति का आकलन किया जा रहा है। काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी मौजूदा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के साथ अन्य संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा चल रही है। सूत्रों के मुताबिक महापौर दीपक बाली का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल माना जा रहा है। संगठन इस सीट पर भी तीन नामों के पैनल पर काम कर रहा है और स्थानीय स्तर की रिपोर्ट जुटाई जा रही है।हल्द्वानी विधानसभा सीट पर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट को संभावित दावेदारों में देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि महापौर के रूप में उनके कार्यकाल और जनसंपर्क को लेकर संगठन स्तर पर फीडबैक लिया जा रहा है। हल्द्वानी सीट पर भी कई नामों पर विचार चल रहा है और अंतिम निर्णय सर्वे रिपोर्ट तथा संगठन की समीक्षा के बाद ही होगा। सूत्रों का कहना है कि भाजपा इस बार उम्मीदवार चयन में केवल राजनीतिक वरिष्ठता नहीं, बल्कि जनता के बीच स्वीकार्यता, संगठन में सक्रियता और जीत की संभावना को भी प्रमुख आधार बना रही है। इसी वजह से कई सीटों पर महापौरों और अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम भी संभावित दावेदारों की सूची में शामिल किए गए हैं।
