Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चालक को पड़ा दौरा,बस की चपेट में आए छह लोग

देहरादून । राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित लालपुर में मंगलवार को एक अनियंत्रित सिटी बस सड़क किनारे चल रहे लोगों पर चढ़ गई, जिससे छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल जा रहे लोगों की ओर मुड़ गई और उन्हें टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए। दुर्घटना के बाद घायल लोग सड़क पर गिर पड़े और आसपास के लोगों ने तत्काल उनकी मदद शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हादसे में छह से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय एंबुलेंस तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को ई रिक्शा, ऑटो और अन्य निजी वाहनों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। कई लोगों ने राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया और घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक को अचानक दौरा पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि पुलिस इस संबंध में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा उसकी चिकित्सकीय जांच भी कराई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *