Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नगरासू गुरूद्वारे में हालात तनावपूर्ण,निहंगों ने पुलिस पर किया पथराव : आईटीबीपी और पुलिस के जवान तैनात

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग में सोमवार को भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पांच निहंग अभी भी नगरासू गुरूद्वारे की छत पर चढ़े हुए हैं। सूचना ये भी है कि निहंग सिखों की ओर से अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार एक निहंग सिख खाना लेने के लिए नीचे आया हुआ था। इस दौरान ऊपर डटे हुए निहंगों ने उसके बचाव के लिए पथराव करना शुरू कर दिया। ताकि नीचे खड़ा पुलिस बल उसे पकड़ न ले। बताया जा रहा है निहंग सिखों की ओर से अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। आईटीबीपी और पुलिस के जवान गुरुद्वारा परिसर में तैनात हैं। जानकारी के अनुसार दो निहंग सिख बीती रविवार की रात रूद्रप्रयाग प्रशासन से माफी मांगने के बाद वहां से निकल आए थे। लेकिन पांच निहंग अभी भी छत पर डटे हुए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया जा रहा है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बाबा बेहंत सिंह के अनुसार शनिवार दोपहर को गुरुद्वारा में कब्ज़ा करने वाले निहंगों ने दो लोगों को अपने कब्जे में रखा था। इनमें से एक व्यक्ति को शनिवार देर रात ही छोड़ दिया था, जबकि एक सेवादार को रविवार को वार्ता के बाद छोड़ दिया था। निहंग सिख यात्रियों का कहना है कि कर्णप्रयाग में हुई घटना के बाद गिरफ्तार किए गए निहंग सिखों को रिहा किया जाए। अगर उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो वो देशभर से बड़ी संख्या में निहंग सिख उत्तराखंड पहुंचेंगे और प्रदर्शन करेंगे। उनकी मांगों को लेकर जिले की एसपी समेत जिले के अधिकारी उनसे वार्ता कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *