भाजपा ने जनसंपर्क अभियान के लिए मंत्रियों, सांसदों और पूर्व मुख्यमंत्रियों को सौपी जिम्मेदारी
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और पूर्व मुख्यमंत्रियों को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां वे दो दिवसीय प्रवास कर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि 13 से 16 जून के बीच आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान नेताओं द्वारा बूथ और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की जाएंगी तथा जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को भी सुना जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान का नेतृत्व करेंगे। नैनीताल सांसद अजय भट्ट को नानकमत्ता और केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा को लोहाघाट क्षेत्र का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा विभिन्न सांसदों, मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों को प्रदेशभर की विधानसभा सीटों में भेजा गया है। पार्टी का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से मोदी सरकार की उपलब्धियों और डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। अभियान में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और तीरथ सिंह रावत को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। निशंक लक्सर और तीरथ सिंह रावत प्रतापनगर क्षेत्र में प्रवास कर कार्यकर्ताओं एवं जनता से संवाद करेंगे। भाजपा संगठन का दावा है कि यह अभियान केवल उपलब्धियों के प्रचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय समस्याओं को समझने का भी माध्यम बनेगा, जिससे संगठन और सरकार के बीच संवाद और अधिक मजबूत हो सके।
