चंपावत में भाजपा को झटका: पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्दलीय नारायण लाल ने लहराया परचम
चंपावत। चंपावत जिले की नवगठित पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने शानदार जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को पराजित कर नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा और जीत का जश्न मनाया गया। पाटी नगर पंचायत चुनाव इस बार कई मायनों में चर्चा का विषय बना रहा। चुनाव में इंडियन आइडल फेम और उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक पवनदीप राजन ने अपने जीजा एवं निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल के समर्थन में प्रचार किया था। माना जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर पवनदीप की लोकप्रियता का भी चुनावी माहौल पर प्रभाव देखने को मिला। पाटी नगर पंचायत चंपावत जिले की लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है और नवगठित निकाय होने के कारण यहां पहली बार नगर पंचायत चुनाव संपन्न कराया गया। मंगलवार को मतदान के बाद गुरुवार को मतगणना हुई। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना के दौरान पहले चारों वार्डों के परिणाम घोषित किए गए, जबकि अध्यक्ष पद की मतगणना अंत तक जारी रही। अंततः निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतगणना के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी पूरे समय मौजूद रहे। वार्ड सदस्य पद के परिणामों में न्यू कॉलोनी वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी नवल पचौली ने 183 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। जोलाड़ी वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी बबलू सिंह 151 मत प्राप्त कर विजयी रहे। रानीचौड़ वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी शांति देवी ने 166 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि पूनाकोट वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी संगीता 145 मत हासिल कर विजयी घोषित की गईं। पाटी नगर पंचायत में अध्यक्ष पद समेत सभी वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रदर्शन ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। राजनीतिक जानकार इसे स्थानीय मुद्दों और प्रत्याशियों की व्यक्तिगत पकड़ का परिणाम मान रहे हैं। उधर, नवगठित अन्य निकायों में ऊधमसिंह नगर जिले की गढ़ीनेगी नगर पंचायत तथा टिहरी जिले की नरेंद्रनगर पालिका क्षेत्र के चुनाव परिणामों पर भी लोगों की नजरें बनी हुई हैं।
