चार शोरूमों में हुई चोरी का खुलासा,एक गिरफ्तार
500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर राजस्थान तक पहुंची पुलिस
रुद्रपुर (संवाददाता)। रुद्रपुर के मुख्य बाजार क्षेत्र में चार शोरूमों में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 25,500 रुपये नकद और एक आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की गई है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार 14 मई की रात मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित चार अलग अलग शोरूमों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इस संबंध में आदित्य भनोट, अंकित नरूला और मधुर मेहंदीरत्ता की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त तीन टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रें में लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आते जाते दिखाई दिए। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए राजस्थान के जयपुर और फिर बांसवाड़ा तक पहुंची। वहां संदिग्धों की पहचान प्रवीण उर्फ गुडिया उर्फ गुîó मईड़ा, रायचंद सिंह मईड़ा और राजू उर्फ रजिया के रूप में हुई। तीनों आरोपी राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर रामपुर बिलासपुर रोड से रायचंद सिंह मईड़ा पुत्र मांगिया मईड़ा निवासी पिपलवा माही डैम रोड, कोतवाली सिटी बांसवाड़ा, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के 25,500 रुपये नकद और एक आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद हुई। पुलिस के अनुसार मामले में वांछित आरोपी प्रवीण उर्फ गुडिया उर्फ गुîó मईड़ा तथा राजू उर्फ रजिया की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह खत्री, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, हिमांशु, शुभम सैनी, पंकज बिनवाल तथा भूपेंद्र आर्या शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
