उत्तराखंड के डीएनए में देशभक्ति की आग : अग्निवीर योजना को कांग्रेस सत्ता में आते ही बंद कर देगी !
कोटद्वार। कोटद्वार में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने दिल्ली से वीडियो कॉल के माध्यम से जनता को संबोधित किया। इस दौरान राहुलं ने उत्तराखंड का दौरा स्थगित होने पर खेद जताया। वहीं जनसभा में मौजूद पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड के साथ ही देश के लाखों युवाओं के समक्ष केंद्र सरकार ने संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए कहा कि सैनिकों का भविष्य सुरक्षित नहीं होगा। यह सिर्फ अडानी को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अग्निवीर योजना को कांग्रेस सत्ता में आते ही बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का अपना एक इतिहास है। इस धरती ने अपने लोगों को देश की सेवा के लिए सेना में भेजा है और हर परिस्थिति में उन्होंने देश की रक्षा की है। उत्तराखंड के डीएनए में देशभक्ति की आग है और इसी देशभक्ति के दम पर लोग सेनाओं में जाते हैं। सेना में जाने वाले लोगों और सरकार के बीच एक पवित्र रिश्ता होता है। एक सैनिक देश के लिए अपना सबकुछ समर्पित कर देता है और दूसरी तरफ सरकार सैनिकों और उनके परिवारों की रक्षा करती है। लेकिन भाजपा की सरकार ने अग्निवीर सिस्टम को लागू कर इस पवित्र संबंध को ख़त्म कर दिया है। विदेश नीति के साथ-साथ कांग्रेस नेता ने सरकार की घरेलू नीतियों पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान नीतियों के कारण देश की शिक्षा व्यवस्था और कृषि क्षेत्र गहरे संकट में हैं। नीतियां आम जनता और किसानों के हित में न होकर कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं।
