Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बड़ी खबर : अल्मोड़ा की जनसभा में नहीं पहुंच सके राहुल गांधी, खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर पंतनगर लौटा

राहुल गांधी ने मोबाइल फोन के माध्यम से की सभा में मौजूद लोगों से बातचीत
अल्मोड़ा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी खराब मौसम के कारण उत्तराखंड में अल्मोड़ा की निर्धारित जनसभा में नहीं पहुंच सके। उनका हेलीकॉप्टर मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते वापस पंतनगर एयरपोर्ट लौट आया।जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी ने मोबाइल फोन के माध्यम से राहुल गांधी की सभा में मौजूद लोगों से बातचीत कराई। राहुल गांधी ने जनसभा में उपस्थित लोगों से क्षमा मांगते हुए कहा कि खराब मौसम के कारण वे कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके।मोबाइल के जरिए दिए गए अपने संदेश में राहुल गांधी ने कहा, “मैं आप सभी से माफी मांगता हूं कि मौसम खराब होने के कारण आज आपकी जनसभा में नहीं पहुंच पाया। अगली बार निश्चित रूप से आपसे मिलने आऊंगा।”उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन के समय जिन उद्देश्यों और जनभावनाओं को लेकर राज्य बनाया गया था, उनकी पूरी तरह पूर्ति नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जनता की अपेक्षाओं और जनभावनाओं के अनुरूप विकास नहीं हो रहा है।
केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट का सामना कर रहा
केंद्र सरकार की गलत नीतियों ने देश में आर्थिक संकट पैदा कर दिया है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता परेशान है। हमें जनता की आवाज बनकर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।राहुल गांधी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और छोटे कारोबारों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका दावा था कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर आम जनता, किसानों और युवाओं पर पड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और पार्टी की नीतियों को मजबूती से रखने का आह्वान किया।  राहुल गांधी के संदेश के बाद सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया तथा उनके जल्द अल्मोड़ा आने की उम्मीद जताई। खराब मौसम के कारण कार्यक्रम में बदलाव होने के बावजूद जनसभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *