उत्तराखंड में दिखा नितिन नवीन का कौशल : सांसदों, विधायकों, महापौरों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिया स्पष्ट संदेश
सोशल इंजीनियरिंग के महारथी नितिन नवीन ने दिया सामाजिक ताने-बाने को साधने का मंत्र
देहरादून। विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह उनकी गहरी राजनीतिक समझ, सामाजिक समीकरणों पर पकड़ और संगठन की जमीनी हकीकत को परखने की क्षमता का भी परिचायक बना। प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की पूरी तैयारी और सटीक जानकारी के साथ पहुंचे नवीन ने सांसदों, विधायकों, महापौरों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी चुनाव केवल संगठन की मजबूती, सामाजिक विस्तार और जनसंपर्क के दम पर ही जीते जाएंगे। बैठकों के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पिछले चुनाव में भाजपा जिन 23 विधानसभा सीटों पर पराजित हुई थी, उन पर विशेष फोकस करने का आ“वान किया। उन्होंने सांसदों और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि हार वाली सीटों को जीत में बदलना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में प्रभावशाली और बुद्धिजीवी लोगों की सूची तैयार करने, उनसे निरंतर संवाद बनाए रखने तथा उन समुदायों तक पहुंच मजबूत करने के निर्देश दिए गए जहां पार्टी की पकड़ अपेक्षाकृत कमजोर है। नितिन नवीन ने स्पष्ट कहा कि केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार जनसंपर्क और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से नए वर्गों को भाजपा से जोड़ना होगा। उन्होंने प्रत्येक विधायक और जनप्रतिनिधि को अपनी विधानसभा में पिछले 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों की पुस्तिका तैयार कर जन-जन तक पहुंचाने की सलाह दी, ताकि जनता को सरकार और जनप्रतिनिधियों के कार्यों की वास्तविक जानकारी मिल सके। बैठकों में राष्ट्रीय अध्यक्ष की तैयारी और जानकारी का स्तर भी चर्चा का विषय रहा। बूथों पर हुए कार्यों, संगठनात्मक गतिविधियों, विधायकों की सक्रियता और संगठन के भीतर के माहौल तक की जानकारी उनके पास पहले से मौजूद थी। जब किसी पदाधिकारी ने बढ़ा-चढ़ाकर आंकड़े प्रस्तुत किए तो उन्होंने तत्काल वास्तविक स्थिति बताते हुए उसे सुधार दिया। इससे स्पष्ट संदेश गया कि भाजपा नेतृत्व केवल रिपोर्टों पर नहीं, बल्कि जमीनी फीडबैक पर भरोसा करता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठनात्मक अनुशासन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि संगठन और परिवार की बातें घर की चारदीवारी के भीतर ही रहनी चाहिए। मतभेदों को सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया तक ले जाना संगठन के हित में नहीं है। उन्होंने एकजुटता को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी को समन्वय के साथ कार्य करने का आ“वान किया। उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को सामने रखते हुए नितिन नवीन ने आम कार्यकर्ता से लेकर सांसद तक हर स्तर के पदाधिकारियों को सक्रिय मोड में आने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि हैट्रिक केवल नारों से नहीं, बल्कि बूथ स्तर की मजबूत तैयारी, सामाजिक विस्तार, प्रभावी जनसंपर्क और संगठनात्मक अनुशासन से ही संभव होगी।
जितना बड़ा पद,उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी
देहरादून। तीन दिवसीय दौरे के दौरान नितिन नवीन ने यह एहसास कराया कि जितना बड़ा पद होता है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी होती है। उनकी कार्यशैली ने यह साबित किया कि भाजपा में शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने का रास्ता संगठन के प्रति समर्पण, मेहनत, सामाजिक समीकरणों की समझ और जमीनी पकड़ से होकर गुजरता है। उत्तराखंड दौरे के अंत तक उन्होंने संगठन के हर स्तर को सक्रिय करने के साथ-साथ आगामी चुनावी लड़ाई का स्पष्ट रोडमैप भी दे दिया।
