सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय को मिली आधुनिक प्रशासनिक भवन की सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने 25 करोड़ की लागत से बने भवन और कुलपति आवास का किया लोकार्पण
अल्मोड़ा (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन एवं कुलपति आवास का लोकार्पण कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक भवन अब विश्वविद्यालय की प्रशासनिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय उत्तराखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और नया प्रशासनिक भवन विश्वविद्यालय के संचालन को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से युक्त यह भवन विश्वविद्यालय के भविष्य के विस्तार और शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा देगा। बताया गया कि करीब पांच वर्ष पूर्व अस्तित्व में आए सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की प्रशासनिक गतिविधियां अब तक एसएसजे परिसर के समीप स्थित पुराने भवन से संचालित हो रही थीं। सीमित स्थान और संसाधनों की कमी के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन को विभिन्न प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद नए प्रशासनिक भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अब चरणबद्ध तरीके से प्रशासनिक कार्यालयों की शिफ्टिंग शुरू की जाएगी और भविष्य में सभी प्रशासनिक गतिविधियां नए भवन से संचालित होंगी। विश्वविद्यालय परिवार ने नए भवन के लोकार्पण को संस्थान के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
