रामनगर के विकास को मिलेगी नई रफ्तारः बलूनी
रामनगर। पौड़ी लोकसभा सीट से सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि डबल इंजन सरकार रामनगर के विकास को नई गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेल, सड़क, पर्यटन और संचार सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। रामनगर पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि स्थानीय संगठनों और लोगों द्वारा नई ट्रेनों के संचालन, रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज निर्माण और दूरसंचार सेवाओं को बेहतर बनाने जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मांगों को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही इन पर सकारात्मक पहल की जाएगी। सांसद ने बताया कि रामनगर से देहरादून के लिए शुरू होने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन जल्द प्रस्तावित है, जिसमें केंद्रीय रेल मंत्री के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान रामनगर क्षेत्र की सभी प्रमुख रेल संबंधी मांगों को रेल मंत्री के समक्ष रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें। साथ ही दिल्ली से रामनगर के लिए सुपरफास्ट ट्रेन चलाने को लेकर भी बातचीत जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क संपर्क के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि रामनगर से काशीपुर के बीच सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों को शीघ्र ठीक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा दूरसंचार सेवाओं को मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि क्षेत्रवासियों को नेटवर्क और संचार संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके। कॉर्बेट क्षेत्र में पर्यटन और ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने को लेकर सांसद ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता रामनगर को प्रमुख पर्यटन हब के रूप में विकसित करना है। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सांसद अनिल बलूनी ने लालढांग से चिलरखाल मार्ग को सुप्रीम कोर्ट से मंजूरी मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब अगला लक्ष्य कंडी मार्ग का निर्माण है। उन्होंने कहा कि कंडी मार्ग बनने से रामनगर, कोटद्वार और देहरादून के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के बीच कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि रामनगर और कोटद्वार के बीच संपर्क मार्ग बनने से दोनों शहरों की अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा और राज्य के लोगों को बेहतर आवाजाही की सुविधा प्राप्त होगी। कॉर्बेट पार्क के परमिट शुल्क को लेकर सांसद ने कहा कि कॉर्बेट पार्क सहित देश के अन्य टाइगर रिजर्व और राष्ट्रीय उद्यानों की शुल्क व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग से इस विषय पर बातचीत कर परमिट शुल्क को आम लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाने का प्रयास किया जाएगा।
