Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तीन बड़ी चोरियों का खुलासा, 35 लाख के जेवर बरामद

हल्द्वानी/लालकुआं। क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी और चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये कीमत के लगभग 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद जेवरात वर्ष 2025 और 2026 में दर्ज तीन अलग- अलग चोरी की घटनाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को बिन्दुखत्ता निवासी श्रीमती चन्द्रा देवी ने थाना लालकुआं में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के हार, नथ, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी, मांगटीका समेत अन्य आभूषण चोरी कर ले गया। मामले में थाना लालकुआं में मु0एफआईआर संख्या 77/2026 धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी तरह की दो अन्य चोरी की घटनाएं वर्ष 2025 में भी क्षेत्र में हुई थीं। इनमें संजयनगर द्वितीय बिन्दुखत्ता निवासी पार्वती देवी तथा रावतनगर द्वितीय निवासी कुंवर सिंह मेहता के घरों से भी जेवरात और नकदी चोरी हुई थी। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्रधिकारी लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र और आसपास लगे लगभग 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा टेक्निकल और मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की। 23 मई 2026 को चौकी प्रभारी बिन्दुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने आया है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल निवासी थाना बहेड़ी, जिला बरेली उत्तर प्रदेश बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सोने के टूटे हुए आभूषण बरामद हुए। वहीं एक पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट खोलने पर उसमें बड़ी मात्र में छिपाकर रखे गए सोने के जेवर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिन में पैदल घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था और मौका पाकर ताले तोड़कर घरों से जेवरात एवं नकदी चोरी कर लेता था। उसने वर्ष 2025 की दोनों चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने शिकायतकर्ताओं को बुलाकर बरामद आभूषणों की पहचान कराई, जिसके बाद आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।बरामद आभूषणों में हार, मंगलसूत्र, चेन, मांगटीका, नथ,अंगूठियां, झुमके, कान के टॉप्स, बाली,पौंची, पेंडल और अन्य सोने के आभूषण शामिल हैं। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार देने की घोषणा की है। खुलासे में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी, हेड कांस्टेबल इसरार नवी (एसओजी), कांस्टेबल कमल बिष्ट, दयाल नाथ, आनन्द पुरी, उमेश गिरी, मनीष नौटियाल, दिलीप कुमार एवं विरेंद्र रौतेला आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *