टैंपो में महिला के लाखों के गहने चोरी करने वाले दो दबोचे
रामनगर। रामनगर कोतवाली पुलिस ने टेंपो में सफर कर रही महिला के बैग से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। मामले का खुलासा रविवार को एसपी क्राइम डॉ- जगदीश चंद्र ने किया। उन्होंने बताया कि 15 मई को ग्राम शीतलकुंज पीरूमदारा निवासी उर्मिला देवी अपने बच्चों के साथ अल्मोड़ा से एक शादी समारोह में शामिल होकर रामनगर रोडवेज बस स्टेशन पहुंची थीं। यहां से उन्होंने घर जाने के लिए एक टेंपो बुक किया था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक भी टेंपो में सवार हो गए। एसपी क्राइम ने बताया कि घर पहुंचने के बाद जब महिला ने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, सोने का ग्लोबंद, मांग टीका तथा कुछ चांदी के आभूषण गायब मिले। बैग से लाखों रुपये के जेवर चोरी होने का पता चलते ही महिला के होश उड़ गए और उसने तुरंत कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। कोतवाल सुशील कुमार और उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने रविवार को नारायणपुर मालधन चौड़ क्षेत्र में तुमड़िया डाम के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अनवर अली निवासी थाना कुंडा, जनपद ऊधमसिंहनगर तथा सद्दाम हुसैन निवासी थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर महिला के चोरी हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए। एसपी क्राइम डॉ- जगदीश चंद्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी किसी अटैची चोर गैंग से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
