प्रतिबंधित घाट पर फोटो खिंचाते दो युवक बहे
सर्च अभियान जारी,फोटो खींचने के चक्कर में बिगड़ा संतुलन
ऋषिकेश (उद संवाददाता)। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक प्रतिबंधित घाट पर फोटो खिंचवाने के चक्कर में दो युवक गंगा के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही एसडी आरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के अमरोहा से चार दोस्त यहां घूमने आए थे, जिनमें से दो हादसे का शिकार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, अमरोहा के नौगावां सादात निवासी चार दोस्त ऋषिकेश भ्रमण पर आए थे। 21 मई की शाम को वे लक्ष्मणझूला क्षेत्र के डबल ट्रिपल बीच पर पहुंचे, जो कि एक प्रतिबंधित क्षेत्र बताया जा रहा है। वहां नदी किनारे फोटो खींचते समय अचानक दो युवकों का संतुलन बिगड़ गया और वे देखते ही देखते गंगा की उफनती लहरों की चपेट में आ गए। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों आंखों से ओझल हो गए। लापता युवकों में 25 वर्षीय मोहम्मद फैजान पुत्र अली अब्बास और 19 वर्षीय मोहम्मद कैफ पुत्र नसीम अख्तर शामिल है। घटना की सूचना पाकर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार सुबह से डीप डाइवर्स और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से नदी में गहन सर्च अभियान शुरू किया है। हालांकि, अभी तक लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसडीआरएफ ने घटना के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों से विशेष अपील की है। विभाग ने कहा है कि लोग प्रतिबंधित और असुरक्षित घाटों पर जाने का जोिखम न उठाएं और नदी किनारे फोटो खींचते या नहाते समय पूरी सावधानी बरतें। फिलहाल पुलिस और प्रशासन लापता युवकों के परिजनों से संपर्क कर मामले की जांच में जुटे हैं।
