Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थर,एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक हुए भूस्खलन और भारी पत्थर गिरने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नेपाली मूल का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद यात्रा मार्ग पर हड़कंप मच गया और प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर लगी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब मार्ग पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी। अचानक पहाड़ी से तेज गर्जना के साथ बड़े-बड़े पत्थर और मलबा नीचे आ गिरा, जिससे क्षेत्र में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। पत्थरों की चपेट में आने से कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण एक स्थानीय व्यक्ति की जान चली गई है, जबकि घायल नेपाली नागरिक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सोनप्रयाग क्षेत्र में उन सभी दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं, जो पहाड़ी के नीचे संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर स्थित थीं। अधिकारियों ने संभावित खतरे को देखते हुए इलाके को अस्थायी रूप से खाली कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *