Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार में चल रहा था आईपीएल सट्टा, दिल्ली का सटोरिया गिरफ्तार

लैपटॉप, पांच मोबाइल, 92 हजार रुपये और होंडा सिटी कार बरामद
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस और एसओजी टीम ने आईपीएल क्रिकेट मैच में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, 92 हजार रुपये की नकदी और सट्टे में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की है। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक प्रकाश चन्द्र अपनी टीम के साथ रात ऑपरेशन प्रहार के तहत क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान परशुराम चौक के पास एसओजी कर्मियों ने सूचना दी कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के आगे एक व्यक्ति होंडा सिटी कार में बैठकर आईपीएल क्रिकेट मैच में अवैध सट्टा चला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो धर्मकांटे से आगे सड़क किनारे सफेद रंग की होंडा सिटी कार नंबर डीएल10सीएल7743 खड़ी मिली। कार के अंदर लाइट जल रही थी और एक व्यक्ति लैपटॉप पर काम करता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी पुत्र वीर सिंह सैनी निवासी साद नगर पालम कॉलोनी नई दिल्ली बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने का काम करता है और सुनसान जगह पर बैठकर सट्टे का संचालन कर रहा था। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो चालक सीट के पास एचपी कंपनी का लैपटॉप ऑन हालत में मिला। लैपटॉप में आईअसिस्टेंट नाम का सॉफ्टवेयर खुला हुआ था, जिसमें आईपीएल मैच से जुड़ा सट्टे का पूरा हिसाब किताब दर्ज था। स्क्रीन पर विभिन्न ग्राहकों के नाम, टीमों के नाम, रेट और हार जीत के अनुसार रकम का ब्योरा अंकित मिला। पुलिस के अनुसार चार्ट में राजस्थान और लखनऊ टीम के नाम दर्ज थे। कार से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किये गये। पुलिस जांच में एक मोबाइल में सट्टा लगाने से संबंधित वॉयस रिकॉर्डिंग मिली, जबकि दूसरे फोन में पेटीएम के जरिए पैसों के लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले। इसके अलावा कार में रखे एक बैग से कैसियो कंपनी का कैलकुलेटर, लैपटॉप चार्जर और 92 हजार रुपये नकद बरामद हुए। नकदी में पांच सौ रुपये के 181 नोट और सौ रुपये के 15 नोट शामिल थे। पूछताछ में आरोपी ने बरामद नकदी को सट्टे की कमाई बताया। पुलिस ने सभी बरामद सामान को सील कर कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से मिली होंडा सिटी कार उसके भाई रितु सिंह सैनी के नाम पंजीकृत है। वाहन के कागजात मौके पर नहीं मिल सके। पुलिस ने कार को भी कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ट्रांजिट कैम्प थाने में जुआ अधिनियम की धारा 13 जी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *