Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर मेें बेखौफ चोरों का तांडव: मुख्य बाजार में चार शोरूम से लाखों की नगदी व सामान चोरी

जीने के रास्ते दुकानों के भीतर पहुंचे शातिर चोर
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। पुलिस के रात्रि गश्त के दावों की एक बार फिर कलई खुलकर सामने आ गई है। बेखौफ चोरों ने निर्माणाधीन भवन पर चढ़कर पास की चार दुकानों में जीने के रास्ते प्रवेश कर वहां से लाखों रूपये की नगदी और लाखों रूपये कीमत का सामान चोरी कर लिया । घटना की सारी रिकार्डिंग दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जिसमें तीन अज्ञात चोर घटना को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर तमाम व्यापारी नेताओं सहित महापौर विकास शर्मा भी आ पहुंचे और उन्होंने दुकान स्वामियों से घटना की विस्तार से जानकारी लेकर मौका मुआयना भी किया। उन्होंने घटना पर गहरा रोष जाहिर करते हुए पुलिस को शीघ्र खुलासा करने को कहा। जानकारी के अनुसार मटके वाली गली में एक भवन निर्माणाधीन है । मध्य रात्रि इस भवन के रास्ते तीन चोर छत पर जा पहुंचे और उन्होंने पड़ोस की दुकान रेड़ चीफ के शोरूम के जीने का दरवाजा सम्भल से तोड़ दिया और भीतर जा घुसे। इसके बाद चोरों ने जीने के ही रास्ते स्पाईकर शोरूम, ब्लैक बेरी शोरूम व ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गये। प्रातः जब चारों शोरूम के स्वामी दुकान खोलने आये तो उन्हें अन्दर सारा सामान बिखरा दिखाई दिया। उन्होंने मामले की जानकारी व्यापारी नेताओं व पुलिस को दी। स्पाईकर शोरूम के स्वामी मधुर मेंहदीरत्ता ने बताया कि चोर उसके प्रतिष्ठान से गल्ले में रखे 48 हजार रूपये नगद, लैपटाप और हजारों कीमत के रेडीमेड कपड़े चोरी कर ले गये हैं। वहीं ब्लैकबेरी शोरूम के स्वामी अंकित नरूला का कहना है कि चोरों द्वारा शोरूम से करीब 2.50 लाख की नगदी व सामान चुराया गया है। रेडचीफ के प्रबंधक भूपेन्द्र ने बताया कि चोर प्रतिष्ठान से लगभग 10 हजार की नगदी के साथ सामान चोरी कर ले गये हैं जिसकी विस्तृत जानकारी स्टॉक देखनें के बाद पता चल सकेगी। जबकि ग्लोबल रिपब्लिक के स्वामी आदित्य शर्मा का कहना है कि चोर शोरूम से लगभग 5 लाख रूपये का सामान चोरी कर ले गये है। सभी शोरूम में मध्य रात्रि करीब साढ़े बारह बजे क्रमवार चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। शोरूमों में लगे सीसीटीवी में तीन चोर शोरूम के भीतर चोरी करते दिखाई दिये हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर महापौर विकास शर्मा भी मौके पर आ पहुंचे और उन्होंने शोरूम स्वामियों से घटना की विस्तार से जानकारी लेकर मौका मुआयना भी किया। साथ ही वहां आये पुलिस अधिकारियों को घटना का शीघ्र खुलासा करने को कहा। जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, समाजसेवी संजय ठुकराल समेत तमाम लोग भी मौके पर पहुंच गये। उन्होनें पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *