नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों, फार्मासिस्टों एवं प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए
देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग में चयनित नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों, फार्मासिस्टों एवं प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान कुल 243 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में युवाओं की प्रतिभा, योग्यता और क्षमता का सम्मान करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है, जिससे युवाओं का सरकार और व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की प्रतिबद्धता और पारदर्शी कार्यशैली का परिणाम है कि योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में लागू नकल विरोधी कानून के बाद भर्ती प्रक्रियाएं निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वासपूर्ण तरीके से संपन्न हो रही हैं। सरकार की मंशा है कि मेहनत और प्रतिभा के आधार पर ही युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और नकल पर सख्ती से रोक लगाने के लिए सरकार ने कठोर कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सा विभाग में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी चयनित युवा पूरी निष्ठा, सेवा भावना और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने में योगदान देंगे।


