Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हाईवे पर फार्च्यूनर और नई कार की जोरदार भिड़ंत : हादसे में दो युवकों की मौत,पांच घायल

नानकमत्ता (उद संवाददाता)। क्षेत्र के दहला रोड स्थित नानकमत्ता हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज भेजा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार यूके 06 एई 5310 फार्च्यूनर वाहन और एक नई किंग्स कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि नई कार को उसका स्वामी हल्द्वानी स्थित शोरूम से लेकर चम्पावत जा रहा था। इसी दौरान दहला रोड हाईवे पर दोनों वाहनों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा तफरी मच गई। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।हादसे में घायल 24 वर्षीय दीपान्त सिंघल पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी आवास विकास कॉलोनी, हरीश्रीनाथ मंदिर के निकट, किच्छा को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल 27 वर्षीय मनप्रीत सिंह पुत्र बिश्चल सिंह निवासी किच्छा , 35 वर्षीय चन्द्रप्रकाश जोशी पुत्र त्रिलोक चन्द्र जोशी निवासी चम्पावत के अलावा दीपांश सिंघल के साथी अभय तनेजा, निक्की तनेजा, ऋषभ सक्सेना, अनुज सक्सेना को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज में उपचार के लिए ले जाया गया। चिकित्सकों ने चन्द्रप्रकाश जोशी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे में सभी लोगों का उपचार जारी है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी खटीमा भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *