तीन सपेरों को चोरी किए लाखों के जेवरात समेत दबोचा
हल्द्वानी । नैनीताल पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर सपेरा गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्रतार करने के साथ ही उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए हैं। यह गिरोह हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। मामले का खुलासा करते हुए एस एस पी डा. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पहला मामला 1 मई 2026 को कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में सामने आया, जब हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए। इसके अलावा 30 अप्रैल 2026 को पूरनपुर कृष्णा पुरम मुखानी निवासी लक्ष्मण सिंह पुत्र वचन सिंह के घर का भी लॉक तोड़कर नगदी, पायल, घड़ी और अन्य सामान चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज हुई थी। उन्होंने बताया कि उनके निर्देश पर दोनों मामलों के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली और मुखानी पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पूछताछ से संदिग्धों की पहचान हुई। आरोपी हरिद्वार नंबर की बाइक से इलाके में घूमते और बंद घरों की रैकी करते पाए गए।लगातार जांच और निगरानी के बाद पुलिस ने बेल बाबा मंदिर हल्द्वानी के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्रतार किया। उनकी पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप पुत्र प्रवीण निवासी ग्राम घोसीपुरा, सपेरा बस्ती चौकी, फेरूपुर, थाना पथरी, हरिद्वार और यहीं के ही निवासी गुरविंदर पुत्र देवीचंद्र और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु पुत्र संतोषनाथके रूप में हुई है। तलाशी में पुलिस ने उनके पास से सोने-चांदी के हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, पायल, चौन, कटोरे और अन्य कीमती सामान बरामद किया, जिनकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। एस एस पी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हरिद्वार से आते हैं और सपेरे का काम करते हैं। घूमने के बहाने नैनीताल आए और टीपी नगर हल्द्वानी क्षेत्र में होटल में रुककर बंद घरों की रेकी करते थे, जिसके बाद वारदात को अंजाम देते थे।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गुरविंदर के खिलाफ रायपुर और डोईवाला थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।पुलिस टीम में व0उ0नि0 रोहिताश सागर, उ0नि0 मनोज कुमार, चौकी प्रभारी टीपी नगर, उ0नि0 विरेन्द्र चन्द्र, थाना मुखानी, उ0नि0 राजेन्द्र सिंह, थाना मुखानी, हे.का. इसरार नवी, टैक्नीकल टीम, दिनेश नगरकोटी, अनिल टम्टा, प्रयाग जोशी, बलवन्त बिष्ट, रविन्द्र खाती, धीरेन्द्र अधिकारी व अनिल गोस्वामी शामिल थे।
