कल्याणी नदी किनारे अवैध निर्माण किया ध्वस्त
रूद्रपुर । नगर निगम की टीम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आज भी जारी रहा। आज निगम की टीम द्वारा मौहल्ला खेड़ा में एक व्यक्ति द्वारा कल्याणी नदी के किनारे अवैध रूप से अतिक्रमण कर बनाये जा रहे भवन के गेट को ध्वस्त कर दिया गया और अतिक्रमणकारी को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी। जानकारी के अनुसार निगम अधिकारियों को सूचना प्राप्त हुई कि मौहल्ला खेड़ा में एक व्यक्ति द्वारा कल्याणी नदी के किनारे अवैध निर्माण कराया जा रहा है। जिस पर निगम के अधिकारी मनोज व शुभम दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने कराये जा रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उनका कहना था कि करीब एक माह पूर्व भी अतिक्रमणकारी को नोटिस देकर निर्माण कार्य न करने की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके निर्माण कार्य लगातार जारी रहा। उनका कहना था कि नदी के दोनों ओर 30- 30 मीटर में बने सभी अवैध निर्माण हटाये जाने हैं ताकि कल्याणी नदी की बेहतर सफाई कराकर इसे नदी का रूप दिया जा सके और हर वर्ष नदी में आने वाली बाढ़ से लोगों की रक्षा की जा सके। लेकिन चेतावनी देने के बाद भी अवैध निर्माण जारी रहा। टीम ने अवैध निर्माणाधीन भवन का गेट ध्वस्त कर दिया। और अतिक्रमणकारी को पुनः अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इस दौरान अतिक्रमणकारी व्यक्ति द्वारा बार बार अतिक्रमण हटाने में एक समान नीति पर कार्य करने को कहा जा रहा था। उसका कहना था कि बस्ती में सैकड़ों अवैध घर बने होने के बाद भी सिर्फ उसी के घर को तोड़ा जा रहा है।
