पश्चिम बंगाल में बनेगी डबल इंजन सरकारःधामी
देहरादून (उद संवाददाता)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालातों और चुनावी परिदृश्य पर बड़ा बयान देते हुए वहां ‘डबल इंजन’ सरकार बनने का प्रबल दावा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की धरती पर इस बार सत्ता परिवर्तन की लहर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है और वहां की जनता वर्तमान सरकार के भ्रष्टाचार व तुष्टिकरण की राजनीति से ऊब चुकी है। मुख्य मंत्री धामी ने एग्जिट पोल के हालिया रुझानों और जमीनी फीडबैक का हवाला देते हुए कहा कि मतगणना के बाद बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि देशभर में जनता अब डबल इंजन सरकार के लाभ को समझ चुकी है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जहां-जहां केंद्र के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाली सरकारें हैं, वहां विकास की गति कई गुना बढ़ गई है। बंगाल की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां हालात बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष और हिंसा के कारण वहां का लोकतांत्रिक ढांचा कमजोर हुआ है, जिससे आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री ने ममता सरकार को घेरते हुए कहा कि बंगाल के युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है और राज्य का औद्योगिक विकास पूरी तरह ठप हो गया है। सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर गरीबों के हक की योजनाओं को उन तक पहुंचने से रोका जा रहा है। धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी ऐतिहासिक योजनाएं, जो देश के करोड़ों लोगों का जीवन बदल रही हैं, उन्हें बंगाल में सही ढंग से लागू नहीं होने दिया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा की सरकार बनते ही इन केंद्रीय योजनाओं का लाभ बंगाल के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता अब विकास, सुशासन और सुरक्षा चाहती है और यह केवल प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ही संभव है। मुख्यमंत्री के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंगाल का परिणाम न केवल उस राज्य के लिए बल्कि देश की राजनीति के लिए एक नया संदेश लेकर आएगा, जहां विकास की राजनीति ने नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह पछाड़ दिया है।
