सड़क हादसे में बुझा घर का इकलौता चिराग
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। सोमवार की सायं निकटवर्ती ग्राम जाफरपुर के पास दो मोटरसाईकिलों के मध्य आमने सामने हुई भिड़न्त में बाईक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। जिनमें एक युवक ने रात्रि में उपचार के दौरान नगर के एक निजी चिकित्सालय में दम तोड़ दिया जबकि दूसरे घायल युवक का सुशीला तिवारी चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। मृतक युवक घर का इकलौता चिराग था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार ग्राम जयनगर नम्बर एक निवासी सेवानिवृत एसआई मदनराम कोहली का 20 वर्षीय पुत्र दीपक कोहली सोमवार को सायं अपनी मोटरसाईकिल संख्या यूके 06 बीपी 5837 पर सवार होकर कालेज से घर वापस लौट रहा था। बताया जाता है जब वह जाफरपुर के पास पहुंचा तभी सामने से आती मोटरसाईकिल संख्या यूके 06 बीपी 5519 पर से उनकी भिड़न्त हो गई। इस दुर्घटना में दीपक और दूसरी मोटरसाईकिल पर सवार ग्राम दुर्गापुर निवासी युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों को उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रैफर कर दिया। दीपक के परिजन उसे उपचार के लिए नगर के एक निजी चिकित्सालय ले गये जबकि दूसरे युवक को सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी ले जाया गया। दीपक ने रात्रि में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे युवक की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने दीपक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। घटना से मृतक दीपक के माता पिता, बहन व अन्य परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
