बेनी नदी के पास रॉयल्टी चेक पोस्ट का भारी विरोध
किच्छा। किच्छा हल्द्वानी रोड स्थित बेनी नदी के पास कैलाश माइन द्वारा लगाए गए अस्थायी रॉयल्टी चेक पोस्ट के खिलाफ ग्राम प्रधानों और स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शांतिपुरी लिंक मार्ग पर स्थापित इस चेक पोस्ट को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और इसे तत्काल हटाकर हल्द्वानी हाईवे पर शिफ्ट करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर चेक पोस्ट लगाया गया है, वह गांवों को जोड़ने वाला मुख्य लिंक मार्ग है, जहां दिनभर स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में भारी भरकम डंपरों की लगातार आवाजाही और चेकिंग के कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डंपरों से गिर रही मिट्टðी के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते दिन रात उड़ रही धूल से लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के कई लोग खांसी, एलर्जी और अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और अस्पताल में भी चिकित्सकों द्वारा धूल के संक्रमण को इसका कारण बताया जा रहा है। विरोध की सूचना मिलते ही कैलाश माइन के वरिष्ठ कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और जल्द ही समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए माइंस प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर अस्थायी चेक पोस्ट को कुछ समय के लिए बंद भी कर दिया। मौके पर कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह दानू भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और उचित कार्रवाई की जाएगी। बीडीसी सदस्य ललित मोहन ने कहा कि चेक पोस्ट के कारण गांव में प्रवेश और निकासी दोनों ही प्रभावित हो रहे हैं, जिससे लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से स्कूल समय का जिक्र करते हुए कहा कि बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधान संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने भी कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि लिंक मार्ग पर इस तरह के चेक पोस्ट लगाना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चेक पोस्ट को हाईवे पर शिफ्ट नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। खनन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए सभी पक्षों को ध्यान में रखकर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, प्रधान संघ उपाध्यक्ष कविता तिवारी खामियां नंबर दो प्रधान, शांतिपुरी नंबर 3 के प्रतिनिधि ललित बिष्ट, जवाहर नगला के मोहन पांडे प्रधान पति, इंदर मेहता, कैलाश माइन के वरिष्ठ कर्मचारी उमाशंकर, बीटीसी ललित बिष्ट, हल्का पटवारी दीपक सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
