25 अप्रैल को होगा उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित
रामनगर । उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर से मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा परिणाम बोर्ड सभागार में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती की मौजूदगी में जारी किया जाएगा।उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरी की गई। पहली बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से कराई गई, जिससे छात्रों को काफी सहूलियत मिली। आंकड़ों के अनुसार, इस साल हाईस्कूल में 1 लाख 12 हजार 266 और इंटरमीडिएट में 1 लाख 2 हजार 986 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार कुल 2 लाख 15 हजार 252 परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी है, जो अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा कार्यक्रम भी इस बार तय समय के अनुसार ही संपन्न हुआ। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच कराई गईं, जबकि लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चलीं। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की गई थीं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 50 एकल और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। सुरक्षा की दृष्टि से 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया था। टिहरी गढ़वाल में सर्वाधिक 136 केंद्र बनाए गए, जबकि चंपावत में सबसे कम 44 केंद्र रहे। छात्रों की सुविधा के लिए इस बार नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए जाएंगे। इससे छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अलावा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट ूूूण्नइेमण् नाण्हवअण्पद पर भी परिणाम उपलब्ध रहेगा। रिजल्ट की तिथि घोषित होने के साथ ही अब छात्रों और अभिभावकों का इंतजार खत्म होने वाला है।
