Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ठुकराल पैर छूने को तैयार, मगर मीना शर्मा अडिग

रुद्रपुर। तराई की राजनीति इन दिनों गरमाई हुई है। कांग्रेस में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के शामिल होने के बाद से ही पार्टी की महिला नेता मीना शर्मा उनके खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं,अब यह टकराव बयानबाजी के नए स्तर पर पहुंच गया है, जहां मीना शर्मा आक्रोशित तो ठुकराल नरम नजर आ रहे हैं। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे विवाद को खत्म करने की बात कहते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीना शर्मा ब्राह्मण समाज से हैं और उन्हें देवी समान सम्मान दिया जाना चाहिए। साथ ही ठुकराल ने यहां तक कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे मीना शर्मा से माफी मांगने और उनके पैर छूने तक को तैयार हैं। वहीं दूसरी ओर मीना शर्मा ने ठुकराल के इस रुख पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर उन्हें माफी मांगनी थी तो पहले मांगते। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विवादित ऑडियो सामने आया था, तब ठुकराल ने इसे एआई और डीपफेक बताकर टालने की कोशिश की। मीना शर्मा ने तीखे अंदाज में कहा कि गर्दन काट कर उस पर पगड़ी रख देना कहां का न्याय है, यानी पहले बयान देकर विवाद खड़ा करना और फिर माफी की बात करना सही नहीं है। राजनीतिक गलियारों में इस बयानबाजी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एक ओर ठुकराल मामले को शांत करने की कोशिश में दिख रहे हैं, तो दूसरी ओर मीना शर्मा इस मुद्दे पर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। जानकारों का मानना है कि यह जुबानी जंग आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है, जिसका असर स्थानीय सियासत पर भी साफ दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *