Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चारधाम यात्रा में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक : गर्भ गृह में मोबाइल व मंदिर परिसर में फोटोग्राफी पर प्रतिबंध का ऐलान पूजा शुल्क में होगी 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी

देहरादून। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) आगामी चारधाम यात्रा में बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में दर्शन व्यवस्था के लिए जल्द एसओपी जारी करेगी। इसके तहत मंदिर परिसर व गर्भ गृह में वीडियो व फोटोग्राफी पर प्रतिबंध रहेगा। वीआईपी श्रद्धालुओं को भी गर्भ गृह में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। 22 अप्रैल को केदारनाथ व 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुगम दर्शन व्यवस्था करना बीकेटीसी की प्राथमिकता है। अब तक यात्रा के लिए 6.18 लाख से अधिक तीर्थयात्री पंजीकरण करा चुके हैं। धामों के कपाट बंद होने के बाद 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन पूजा स्थलों में दर्शन किए।’ बीकेटीसी ने बोर्ड बैठक में धामों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। बीकेटीसी ने यात्रा के लिए 121.07 करोड़ से अधिक का अनुमानित बजट पारित किया है। केदारनाथ व बदरीनाथ मंदिर परिसर व गर्भ गृह में मोबाइल का इस्तेमाल प्रतिबंधित किया गया। मंदिर परिसर में 50 से 60 मीटर की दूरी तक फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी पर रोक रहेगी। आमतौर पर देखा गया कि दर्शन करने के बाद श्रद्धालु परिसर में मोबाइल रील बनाने लगे रहते हैं। इससे अन्य श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर मंदिर समिति उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, सदस्य प्रह्लाद पुष्पवान, मीडिया प्रभारी डाॅ. हरीश गौड़ मौजूद रहे। बीकेटीसी ने केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में सुबह व शाम को होने वाली विशेष पूजा शुल्क में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। पिछले वर्ष तक बदरीनाथ धाम में महाभिषेक पूजा के लिए प्रति व्यक्ति 4700 रुपये, अभिषेक पूजा के लिए 4500 रुपये, श्रीमद्भागवत के लिए 51 हजार, पूरे दिन की पूजा के लिए 12 हजार रुपये शुल्क निर्धारित है। इसी तरह केदारनाथ धाम में महाभिषेक पूजा में पांच व्यक्ति के लिए 9500 रुपये, केदार अभिषेक में 7200 रुपये लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *