Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तेज रफ्तार डम्पर ने फ़ाइनेंस कर्मी को कुचला

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। शहर के टीपी नगर चौकी क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। खनन सामग्री से लदे एक बेकाबू डम्पर ने युवक को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल रौतेला पुत्र हरीश रौतेला निवासी कैंची धाम तहसील हरतपा के रूप में हुई है। अनिल हल्द्वानी में चोला मंडलम फाइनेंस लिमिटेड में कलेक्शन एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। हादसे की सूचना मिलते ही युवक के परिवार में कोहराम मच गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक के भाई अर्जुन ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे अनिल घर से टीपी नगर चौकी के पास स्थित एक फास्ट फूड सेंटर पर मोमो खाने गया था। इसी दौरान टीपी नगर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डम्पर संख्या यूए 04 डी 4346 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस जबरदस्त भिड़ंत में अनिल के पेट और पैर में गंभीर चोटें आईं। लहूलुहान अवस्था में उसे तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसने दम तोड़ दिया। अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और अपने मिलनसार स्वभाव के कारण दोस्तों के बीच काफी लोकप्रिय था। उसके माता-पिता गांव में ही खेती-किसानी करते हैं।पुलिस क्षेत्रधिकारी अमित कुमार सैनी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के बाद घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई है। पुलिस ने डम्पर को सीज कर दिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ ने स्पष्ट किया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई ििलखत तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले में संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *