गहरी खाई में गिरी कार, पीएनबी के हेड कैशियर की मौत
काशीपुर घर जाते समय कूपी बैंड पर हुआ हादसा, 60 फीट नीचे मलबे में समाई कार
अल्मोड़ा(उद संवाददाता)। अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र में तल्ला सल्ट के कूपी बैंड पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हृदयविदारक हादसे में कार चला रहे बैंक कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक थलीसैंण स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में हेड कैशियर के पद पर तैनात थे और छुट्टी पर अपने घर काशीपुर जा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मरचूला क्षेत्र के कूपी बैंड के पास स्टेट हाईवे पर एक कार संख्या यूके 19बी 0880 अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक जब तक वाहन पर नियंत्रण पाता, कार सड़क से फिसलकर लगभग 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मार्ग से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने जब खाई में वाहन को गिरा देखा, तो तुरंत इसकी सूचना मरचूला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस का राहत एवं बचाव दल स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुँचा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार के भीतर फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मृतक की शिनाख्त 35 वर्षीय सुभाष सिंह बिष्ट पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट के रूप में हुई। सुभाष मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के तहसील गुजड़ू धुमाकोट स्थित सुनवर्मा गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में उनका परिवार कचनालगाजी बिजलीघर के पास, काशीपुर में निवास करता है। परिजनों और बैंक सूत्रें से मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष सिंह बिष्ट थलीसैंण (पीएनबी) में हेड कैशियर की जिम्मेदारी निभा रहे थे। शुक्रवार शाम को बैंक का कार्य निपटाने के बाद वे शनिवार और रविवार के अवकाश के चलते अपनी कार से काशीपुर स्थित घर के लिए निकले थे। रात के सफर या सुबह की थकान के बीच कूपी बैंड के पास यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और वे तत्काल दुर्घटनास्थल पर पहुँच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं।
