बड़ी चोरी का खुलासा,लाखों के जेवर सहित शातिर दबोचा
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ- मंजुनाथ टीसी के कुशल निर्देशन में मुखानी पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की है। इस सफलता पर एसएसपी ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु 2000 रुपये के नगद इनाम की घोषणा की है। मामले के अनुसार, आदर्श कॉलोनी विठोरिया निवासी हेमचंद्र लोहनी ने 12 मार्च को थाना मुखानी में तहरीर दी थी कि जब वे 2 से 5 मार्च के बीच अपने पैतृक गांव अल्मोड़ा गए हुए थे, तब अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल और थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास के लगभग 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। कांस्टेबल बलवंत सिंह और रोहित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से संदिग्ध की पहचान गौरव कुमार (25 वर्ष) निवासी दमुआढूंगा के रूप में हुई। शुक्रवार, 13 मार्च को मुखानी पुलिस ने हल्दीखाल मार्ग पर घेराबंदी कर अभियुक्त गौरव कुमार को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किए गए सोने के दो मंगलसूत्र, दो पौंची, नथ, टीका, झुमके, नगदी और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास भी है और वह पूर्व में थाना काठगोदाम से जेल जा चुका है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कांस्टेबल रोहित कुमार, बलवंत सिंह, धीरज सुगड़ा, रविंद्र खाती और अरविंद (एसओजी) शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने टीम के इस त्वरित कार्य की सराहना की है।
