प्रशासन ने किया गैस गोदामों का औचक निरीक्षण,ऑफलाइन गैस बुकिंग की सुविधा भी प्रारंभ
रूद्रपुर/किच्छा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और पुलिस अधीक्षक क्राइम जगदीश चौधरी ने गुरुवार को काशीपुर बायपास स्थित इंडेन गैस गोदाम, भुड़ारानी स्थित भारत गैस गोदाम और रामपुर रोड स्थित भारत गैस गोदाम का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि वर्तमान में बुकिंग संख्या और सिलेंडरों की आपूर्ति के बीच संतुलन बना हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्य समस्या उन लोगों के कारण आ रही है जिनकी ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पाई है और वे बिना बुकिंग के सीधे गोदामों पर पहुंच रहे हैं। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इंडेन गैस सर्विस ने अब ऑफलाइन गैस बुकिंग की सुविधा भी प्रारंभ कर दी है। वहीं भारत गैस में ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया जारी है और जिनकी बुकिंग किसी कारणवश नहीं हो पा रही है, उनकी बुकिंग एजेंसी कर्मचारी स्वयं मौके पर ऑनलाइन कर रहे हैं। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की घबराहट पैदा न करें क्योंकि घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। किच्छा – जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उपजिलाधिकारी किच्छा गौरव पाण्डे के नेतृत्व में पुलिस, पूर्ति और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेात्रा की विभिन्न गैस एजेंसियों के स्टॉक और गोदामों का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी ने एजेंसी प्रबंधकों को सख्त हिदायत दी कि घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल उपयोग और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान घटतोली की जांच हेतु गैस सिलेंडरों का वजन भी किया गया जो मानक के अनुसार सही पाया गया। गौरव पाण्डे ने कहा कि वर्तमान में क्षेात्रा में गैस की कोई किल्लत नहीं है और जनसुविधा के लिए इसका व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है। सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक गोदाम पर विभिन्न विभागों के कार्मिकों की तैनाती कर दी गई है। पूर्ति निरीक्षक को गैस स्टॉक और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जल्द प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
