ईरान-इजरायल तनाव के बीच जिलाधिकारी ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, परिजनों से ब्यौरा उपलब्ध कराने की अपील
नैनीताल । पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी दी है कि खाड़ी देशों में रह रहे जनपद के प्रवासियों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए शासन के निर्देशानुसार विस्तृत ब्यौरा जुटाया जा रहा है। भारत सरकार और उत्तराखंड शासन इस संवेदनशील स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए हैं।उत्तराखंड शासन के सचिव राजेन्द्र कुमार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में, उन नागरिकों की जानकारी एकत्र की जा रही है जो वर्तमान में संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ईरान, इजरायल, ओमान, लेबनान, इराक, कुवैत और कतर जैसे देशों में निवास कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जो प्रवासी वर्तमान परिस्थितियों के कारण भारत लौटना चाहते हैं, उनके विवरण को संकलित कर उच्च स्तर पर भेजा जाएगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता प्रदान की जा सके।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य इन देशों में कार्यरत या रह रहा है, तो वे तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें। इसके लिए प्रशासन ने विशेष हेल्पलाइन और टोल-फ्री नंबर जारी किए हैं। संबंधित परिवारजन 1077, 05942-231179, 231178, 231181 अथवा मोबाइल नंबर 8272080884 पर संपर्क कर अपने परिजनों का विवरण दर्ज करा सकते हैं।प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सरकार प्रवासी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अत्यंत गंभीर है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर शासन के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर सुरक्षित वापसी की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी प्रभावित परिवारों से धैर्य बनाए रखने और आधिकारिक माध्यमों से जानकारी साझा करने का आग्रह किया है।
