सरकार के खिलाफ यूकेडी का हल्लाबोल,कई प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
भराड़ीसैंण/गैरसैंण (उद संवाददाता)। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भारी राजनीतिक सरगर्मी और हंगामा देखने को मिला। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सड़कों पर उतरकर सरकार के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार (वाटर कैनन) का सहारा लेना पड़ा। प्रदर्शन की शुरुआत से ही यूकेडी कार्यकर्ता आक्रामक नजर आए। दिवालीखाल इलाके में कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए सुरक्षा घेरे को चुनौती देते हुए एक के बाद एक पांच बैरियर तोड़ दिए। प्रदर्शनकारियों ने न केवल सुरक्षा घेरा तोड़ा, बल्कि पुलिस की उन गाड़ियों को भी रोक लिया जिनमें हिरासत में लिए गए आंदोलनकारियों को ले जाया जा रहा था। कार्यकर्ताओं ने गाड़ियों से अपने साथियों को जबरन नीचे उतार लिया, जिसके कारण मौके पर पुलिस के साथ उनकी जमकर धक्का-मुक्की और झड़प हुई। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यूकेडी के 10 से 15 कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देने में सफल रहे और सीधे विधानसभा भवन के नजदीक तक पहुंच गए। अचानक हुई इस चूक से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। वहीं, दिवालीखाल में मुख्य भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का का प्रयोग किया, जिससे प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए। यूकेडी कार्यकर्ता गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, मूल निवास और भू-कानून जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार जनता की भावनाओं के विपरीत कार्य कर रही है और सत्र की अवधि कम कर जनमुद्दों से भाग रही है। हंगामे के चलते दिवालीखाल से लेकर भराड़ीसैंण तक घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने फिलहाल एहतियातन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
