गुरुद्वारा कमेटी की बैठक में आय व्यय के ब्यौरे को लेकर हंगामा
नानकमत्ता (उद संवाददाता)। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नानकमत्ता की बैठक में आय-व्यय का विवरण न दिए जाने को लेकर सदस्यों ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित इस बैठक में स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कुछ सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। पुलिस क्षेत्रधिकारी ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। गुरुद्वारा कमेटी कार्यालय में प्रधान जोगिंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई थी। बैठक शुरू होते ही निर्मल सिंह हंसपाल समेत अन्य सदस्यों ने गुरुद्वारे में होने वाले विकास कार्यों और खर्चों का हिसाब मांगा। आरोप लगाया गया कि बार-बार मांग के बावजूद प्रबंधन द्वारा आय-व्यय का ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। इसी बात को लेकर डायरेक्टरों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। हंगामे की सूचना पर मौजूद पुलिस क्षेत्रधिकारी बी-एस- धोनी ने तुरंत हस्तक्षेप किया और सदस्यों को शांत कर बैठक को सुचारू रूप से चलाने का आ“वान किया।बैठक के दौरान पूर्व प्रधान हरबंस सिंह चुघ की सदस्यता समाप्त करने का मुद्दा भी गरमाया। इस पर सचिव ने स्पष्ट किया कि उक्त मामला वर्तमान में न्यायालय के अधीन है। बैठक में हंगामे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बैठक में महासचिव अमरजीत सिंह, डायरेक्टर निर्मल सिंह हंसपाल, गुरवंत सिंह सोनी, गुरदयाल सिंह, प्रकाश सिंह, जरनैल सिंह, देवेंद्र सिंह, बजींदर सिंह, कुलदीप सिंह और गुरसेवक सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
