मुक्तेश्वर में बहुमंजिला निर्माण पर कुमाऊं आयुक्त सख्त
नैनीताल । नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने क्षेत्र में तेजी से हो रहे बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्ट्स के निर्माण पर गंभीर चिंता जताई है। निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कुछ लोगों द्वारा समूह बनाकर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं और साथ ही सरकारी होमस्टे योजना का भी लाभ लिया जा रहा है। आयुक्त ने प्रथम दृष्टया इन निर्माणों को प्रदेश के भू कानून का खुला उल्लंघन बताया है।आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बड़ी इमारतों का निर्माण और सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग एक गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भू कानून का व्यापक दुरुपयोग होने की पूरी आशंका है जिससे इस कानून की मूल भावना प्रभावित हो रही है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में बन रही ऐसी सभी इमारतों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत एवं गहन जांच की जाए। उन्होंने पूरे मामले की रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या अनियोजित निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही जिला प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस प्रकार के अवैध निर्माणों पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि भू कानून का दुरुपयोग रोका जा सके और क्षेत्र के नैसर्गिक स्वरूप को बचाया जा सके।
