धाोखे से बुलाकर व्यापारी पर किया जानलेवा हमला
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। शनिवार की रात्रि किच्छा रोड़ पर दूधिया मंदिर के पास फोन कर एक दुकानदार को बुलवाने के बाद पहुंचे उसके परिजनों पर कुछ युवकों ने लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना में दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी घायल हो गये । सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। एक पक्ष द्वारा बताया गया कि उन्हें रात्रि में फोन आया कि कुछ लड़के उनकी दुकान का चौनल तोड़ रहे हैं। जानकारी मिलने पर पहाड़गंज निवासी उसके रिश्तेदार मौके पर गये तो वहां कुछ नहीं था। बताया गया कि कुछ देर बाद फिर फोन आया कि लड़के दुकान का शटर तोड़ रहे हैं जल्दी आ जाओ। मामले की जानकारी लेने जब दुकानदार परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो वहां मौजूद युवकों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और एक दूसरे पर जानलेवा हमला करने लगे । इस घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को गंभीर चोटें आ गई। सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया और मामले की जानकारी रम्पुरा चौकी पुलिस को दी गई। घायलों सुभाष कालोनी निवासी मो. आरिफ, उसका भाई मो. आसिफ, मो. अमान आदि सहित कई महिलाएं भी शमिल हैं। एक पक्ष द्वारा घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट करने के आरोप लगाये जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षो की ओर से पुलिस को तहरीर देने की तैयारी की जा रही थी।
