सरस आजीविका मेला : जस्सी गिल और बब्बल राय के गीतों पर झूमा रुद्रपुर
रुद्रपुर। गांधी पार्क के मैदान में आयोजित सरस आजीविका मेला ;यू.एस. नगर कार्निवालद्ध के तृतीय दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने मनोरंजन की नई ऊंचाइयों को छुआ। कला, संगीत और हास्य के इस अद्भुत महासंगम ने मेले में पहुंचे विशाल जनसमूह को उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से पूरी तरह सराबोर कर दिया। यह शाम न केवल मनोरंजन का साधन बनी, बल्कि दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय और जीवंत अनुभव साबित हुई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश के सुप्रसिद्ध बॉलीवुड एवं पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय रहे। जैसे ही ये सितारे मंच पर पहुंचे, दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। जस्सी गिल ने अपनी ऊर्जावान आवाज और लोकप्रिय गीतों से पूरे आयोजन स्थल को उत्सवमय माहौल में बदल दिया। युवाओं में उनकी दीवानगी इस कदर देखी गई कि हर तरफ हाथ में मोबाइल लिए लोग कुर्सियों पर चढ़कर उनके गीतों को रिकॉर्ड करने लगे। जस्सी गिल ने अपने सुपरहिट गानों ‘श्बापू जमींदार’, ‘निकले करंट’, तेरे यार जो… काली एक्टिवा दा, जूती थल्ले रख दिया मित्रा ने दिल नूं और लाडा जांदी नी हाले जस्सी गिल नूं जैसे गीतों की झड़ी लगा दी, जिससे देर रात तक पूरा पंडाल संगीत की धुनों पर थिरकता रहा। संगीत के इस सफर से पूर्व, मंच पर हास्य की महफिल सजी। देश के विख्यात हास्य कवि सुदीप भोला, रशिक गुप्ता एवं प्रताप फौजदार ने अपनी तीखी व्यंग्यात्मक शैली और प्रभावशाली हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को लोटपोट कर दिया। उनकी कविताओं ने न केवल गुदगुदाया बल्कि समाज के विभिन्न पहलुओं पर चोट भी की। वहीं, पंखुड़ी और लक्षिता डांस ग्रुप के कलाकारों ने अपनी रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। सांस्कृतिक संध्या में सैंड आर्टिस्ट रजत कुमार की मनमोहक प्रस्तुति विशेष चर्चा का विषय रही। उन्होंने रेत के माध्यम से पलक झपकते ही जीवंत कलाकृतियों का सृजन कर दर्शकों को कला की एक अनूठी दुनिया से रूबरू कराया। उनकी इस रचनात्मकता ने सांस्कृतिक संध्या की भव्यता में चार चांद लगा दिए। सरस आजीविका मेला अब केवल ग्रामीण उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह सांस्कृतिक एकता का एक विशाल केंद्र बनकर उभरा है। यह आयोजन समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने और ग्रामीण शिल्पकारों के हुनर को बड़े मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, पीडी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, उपजिलाधिकारी गौरव पांडे व ऋचा सिंह, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित थे।




