February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बुलेट की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

किच्छा (उद संवाददाता)। किच्छा के दरऊ चौराहे पर रविवार की रात एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल की चपेट में आने से एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किच्छा के वार्ड नंबर 2 निवासी गणेश गुप्ता पुत्र सुरेश कुमार गुप्ता अपनी चाय की दुकान बंद कर दरऊ रोड चौराहे पर साइकिल लेकर पैदल सड़क क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बुलेट मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में गणेश गुप्ता और मोटरसाइकिल सवार पंकज मंडल निवासी खेड़ा दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में दोनों को सरदार वल्लभ भाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गणेश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोटरसाइकिल सवार पंकज मंडल की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के पारिवारिक जन बदहवास स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था, वहीं घायल के परिजन उन्हें लेकर तत्काल हायर सेंटर रवाना हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गणेश गुप्ता अपनी साइकिल को पैदल लेकर सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक मोटरसाइकिल सवार युवक उनसे टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छिटक कर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता राकेश गुप्ता ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना और मृतक के परिजनों को इस दुख की घड़ी में सांत्वना दी। मृतक गणेश गुप्ता विवाहित थे और अपने पीछे तीन पुत्रियों व एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *