खड़े डंपर में घुसी कार, दो की हालत नाजुक
रुड़की (उद संवाददाता)। लक्सर-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़े एक खराब डंपर से तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा डंपर के नीचे घुस गया, जिससे कार चालक समेत उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर का एक डंपर बीती रात रुड़की के रास्ते लक्सर की ओर जा रहा था। रात करीब एक बजे ट्रक का चेंबर खराब हो गया, जिस कारण चालक ने उसे श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़ा कर दिया। चालक ने चेंबर ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर वह ट्रक को वहीं छोड़कर चला गया। क्षेत्र में गुरुवार रात से ही घना कोहरा छाया हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जब यह हादसा हुआ, तब कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी। पुलिस के मुताबिक, कार जगजीतपुर से लक्सर की ओर जा रही थी। घने कोहरे के कारण कार चालक को सड़क किनारे खड़ा डंपर दिखाई नहीं दिया और कार सीधे डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे के समय हाईवे पर मॉर्निंग वॉक कर रहे लोग धमाके की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचे। कार की स्थिति देखकर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद कार से घायलों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
