मोबाइल पर बात करते वक्त पैर फिसलने से गहरी खाई में गिरा युवक,हालत गंभीर
रूद्रप्रयाग । मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान जरा सी लापरवाही किस तरह जान पर बन सकती है, इसका उदाहरण बुधवार शाम अगस्त्यमुनि के पास देखने को मिला। यहां तिमली बैंड के समीप एक युवक फोन पर बात करते समय अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि समय रहते रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँच गई और युवक की जान बच गई।घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार शाम बसुकेदार तहसील के मठिया गांव निवासी अरविंद राणा (28) तिमली बैंड के पास मोबाइल पर बात कर रहे थे। बातचीत में मशगूल अरविंद का ध्यान अचानक भटक गया और पैर फिसलने के कारण वह सीधे गहरी खाई की ओर लुढ़क गए। स्थानीय निवासी चंद्र प्रकाश नेगी ने जब युवक को गिरते देखा, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। हालांकि, शुरुआत में ऐसी चर्चा उठी कि युवक ने मंदाकिनी नदी में छलांग लगा दी है, जिससे हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद अरविंद को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुँचाया गया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, युवक को कुछ चोटें आई हैं, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित है और जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि यात्र के दौरान या पहाड़ी रास्तों पर मोबाइल का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
