कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित
रूद्रपुर। जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मुख्य अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके आश्रितों को पुष्पमाला व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा, सशक्त और सार्वभौमिक संविधान है। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के पालन पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारे देश का संविधान आज भी मजबूती से मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहा है और पूरे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोए हुए है। जिलाधिकारी ने सभी से महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने और देश व समाज के हित में समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की।वहीं विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा आचरण कार्यालय के भीतर और बाहर ऐसा होना चाहिए जिससे सरकार के प्रति जनता में अच्छी अवधारणा बने। उन्होंने टीम भावना के साथ काम करने पर बल देते हुए कहा कि एकजुट होकर कठिन से कठिन कार्य को भी आसानी से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने को कहा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटौला और जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
